मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी
नगर पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि बाणगंगा थाने में धार की कुक्षी तहसील के सुखदेव ने शिकायत की है कि उसके बेटे नीलेश को निजी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला दिलाने के नाम पर प्रदीप पाटीदार और उसके साथियों ने 18 लाख रुपये की ठगी की है।
सुखदेव ने बताया कि प्रदीप उनका पूर्व परिचित है इसीलिए उस पर भरोसा कर लिया। प्रदीप ने उनसे कहा था कि उसके कुछ मित्र इंदौर में हैं, जो उनके बेटे को मेडिकल कालेज में प्रवेश दिला देंगे। बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए सुखदेव ने प्रदीप पाटीदार को पहले एक लाख रुपये और दूसरी बार में 17 लाख रुपये दिए।
सुखदेव का आरोप है कि उसे लगातार झांसा दिया जाता रहा कि नीलेश का दाखिला हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज की प्रवेश सूची मे जब नीलेश का नाम नहीं आया, तब भी उसे भरोसा दिलाया गया कि वह चिंता न करे, दाखिला हो जाएगा। जब उन्हें लगा कि झांसा दिया जा रहा है, तो उन्होंने प्रदीप से 18 लाख रुपये वापस मांगे लेकिन प्रदीप ने रुपये देने से इंकार कर दिया। सुखदेव की शिकायत पर पुलिस ने प्रदीप पाटीदार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications