दक्षेस सम्मेलन : भारत, पाकिस्तान भरोसा बहाली पर राजी (लीड-1)
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के शिखर सम्मेलन से इतर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच गुरुवार दोपहर 50 मिनट तक चली वार्ता के बाद विदेश सचिव निरुपमा राव ने संवाददाताओं से कहा, "दोनों इस बात सहमत हुए कि आपसी भरोसे की बहाली की रूपरेखा तैयार करने का जिम्मा विदेश मंत्रियों और विदेश सचिवों का होगा, जिससे दोनों देशों के बीच वार्ता का मार्ग प्रशस्त हो सके।"
दोनों नेताओं के बीच इससे पहले मिस्र के शर्म अल-शेख में वार्ता हुई थी।
राव ने कहा, "मुख्य जोर आगे का रास्ता तैयार करने पर है।"
भारतीय विदेश सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमा पार आतंकवाद और घुसपैठ में हुई तेज वृद्धि पर भारत की मुख्य चिंताओं को उठाया। पाकिस्तान ने आश्वासन दिया कि उसके क्षेत्र का उपयोग भारत के खिलाफ आतंकवाद के लिए नहीं होगा।
राव के अनुसार गिलानी ने कहा कि मुंबई हमले के जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने के लिए पाकिस्तान गंभीर है और मुंबई हमले के आरोपियों के मुकदमे को तेजी से निपटाने के लिए सभी प्रयास होने चाहिए।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अलग संवाददाता सम्मेलन में कहा, "उन्होंने हमसे रूपरेखा तैयार करने को कहा। आपसी चिंताओं के सभी मुद्दे वार्ता की मेज पर हैं।"
दोनों पक्षों का दावा था कि वार्ता बहुत गर्मजोशी और हार्दिक वातावरण में हुई। कुरैशी ने कहा कि वार्ता के नतीजे से भारत और पाकिस्तान के बीच का माहौल बदल सकता है।
कुरैशी ने कहा, "यह क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है। हमें इसके लिए खुश होना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications