काजीरंगा में दुनिया के सबसे ज्यादा बाघ
गुवाहाटी, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। असम के प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में दुनिया के सबसे अधिक बाघ हैं। गुरुवार को यह घोषणा करते हुए बताया गया कि यहां के प्रत्येक 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 32 बाघ हैं। बाघों की संख्या के मामले में काजीरंगा ने कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान को भी पीछे छोड़ दिया है।
असम के वन मंत्री रॉकीबुल हुसैन ने विशेषज्ञों के एक दल द्वारा पिछले तीन महीने में बनाई गई एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए पत्रकारों से कहा, "मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में दुनिया के किसी अन्य ज्ञात बाघ उद्यान से अधिक बाघ हैं।"
पूर्वोत्तर क्षेत्र में जैव विविधता के संरक्षण के लिए काम करने वाले एक गैर सरकारी संगठन 'अरण्यक' और असम वन विभाग ने संयुक्त रूप से यह अध्ययन किया है।
हुसैन ने बताया, "वर्ष 2009 में जनवरी से मार्च के दौरान 144 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में यह अध्ययन किया गया था। इसमें खुलासा हुआ कि उद्यान के प्रति 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 32 बाघ मौजूद हैं।"
इससे पहले कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की आबादी सबसे ज्यादा थी। यहां प्रति 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 19.6 बाघ हैं।
ब्रिटेन की 'डेविड शेपर्ड वाइल्डलाइफ फाउंडेशन' और 'रफोर्ड स्मॉल ग्रांट्स फाउंडेशन' ने इस अध्ययन के लिए धन उपलब्ध कराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications