आर्सेलर मित्तल को मुनाफा बढ़ने की उम्मीद
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व के प्रमुख बड़े बाजारों से मजबूत मांग के चलते आर्सेलर मित्तल को अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफा बढ़ने की उम्मीद है। इससे पहले साल की पहली तिमाही में कंपनी को 1.1 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था।
आर्सेलर मित्तल के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मी निवास मित्तल ने कहा कि, "हमारी उम्मीद के मुताबिक विश्व अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है, आर्सेलर मित्तल के लिए वर्ष 2010 एक अच्छा साल साबित होगा। साल की शुरूआत से ही मांग में वृद्धि शुरू हो गई थी, इसका सकारात्मक असर दूसरी तिमाही में देखने को मिलेगा।"
दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून)में कंपनी को कटौतियों पूर्व आय (एबिट्टा) 2.8 अरब डॉलर से 3.2 अरब डॉलर के बीच रहने की उम्मीद है।
पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी की कटौती पूर्व आय 1.9 अरब डॉलर रही है। इस तिमाही में कंपनी की बिक्री 18.7 अरब डॉलर रही है जबकि इससे पहले 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी की बिक्री 18.6 अरब डॉलर रही।
कंपनी ने कहा कि बिक्री में बढ़ोतरी के बावजूद कम कीमतों के चलते कंपनी के मुनाफे पर इसका असर देखने को नहीं मिल सका था। इस दौरान इस्पात की कीमतें करीब तीन फीसदी कम हो गईं थीं।
इंडो-एशियन न्यूज एजेंसी।












Click it and Unblock the Notifications