मानवाधिकार हनन की सर्वाधिक शिकायतें पुलिस के खिलाफ
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को पिछले 10 साल में पुलिस के खिलाफ मानवाधिकार हनन की तीन लाख 70 हजार से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। आयोग ने अपने एक दस्तावेज में खुलासा किया है कि इनमें से ज्यादातर शिकायतें उत्तर-प्रदेश से संबंधित हैं।
आईएएनएस को मिले इस दस्तावेज के मुताबिक एनएचआरसी ने पिछले 10 साल में ऐसी 3,77,216 शिकायतें दर्ज की हैं।
एनएचआरसी के अधिकारियों ने आईएएनएस से कहा कि,"31 मार्च 2010 से पहले दर्ज की गई इन शिकायतों की संख्या बहुत ज्यादा है। इनमें कर्मचारियों के खिलाफ मानवाधिकारों के हनन की शिकायतें भी काफी ज्यादा हैं।"
अधिकारियों के मुताबिक इनमें अधिकारों के मनमाने इस्तेमाल, अपहरण, बलात्कार, हिरासत के दौरान हिंसा व हत्या, फर्जी मुठभेड़ और बंधक बनाने जैसी शिकायतें शामिल हैं।
शिकायतें का राज्यवार विश्लेषण करने पर ये स्पष्ट है कि ज्यादातर शिकायतें उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाफ हैं। आंकड़ों के मुताबिक कुल शिकायतों में से 2,48,505 शिकायतें उत्तर प्रदेश की हैं।
अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज मानवाधिकार हनन की शिकायतों में लोगों के गायब होने, जमीन विवाद, भूख हड़ताल, पारिवारिक विवाद, राज्य सरकार या केंद्र सरकार की निष्कियता, मजदूर विवाद और सीमा शुल्क विभाग की ज्यादतियों आदि से संबंधित हैं।
इस तरह की कुल 2,63,993 शिकायतें दर्ज की गई हैं जिनमें से सबसे ज्यादा 18,777 शिकायतें दिल्ली से संबंधित हैं।
सेवाओं से संबंधित शिकायतों की संख्या भी काफी ज्यादा है। इनमें कर्मचारियों को अवसर देने में भेदभाव, पेंशन और क्षतिपूर्ति का भुगतान न होने जैसी शिकायतें शामिल हैं, ऐसी शिकायतों की संख्या 73, 914 है। वहीं महिलाओं पर अत्याचार की शिकायतों की संख्या 66,926 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications