उप्र में सड़कों पर उतरे सपा कार्यकर्ता
लखनऊ में पुलिस ने सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। सपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सामने व अन्य दो जगहों पर तीन बसों को फूंक दिया और पुलिस पर पथराव किया।
लखनऊ के जिलाधिकारी अनिल कुमार सागर ने संवाददाताओं से कहा कि सपा कार्यकर्ताओं का प्रदशर्न हिंसक प्रदशर्न में बदल गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद के प्रयाग रेलवे स्टेशन के निकट इलाहाबाद-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस रोकी और रेलमार्ग पर लेटकर यातायात बाधित किया।
इसके अलावा सपा कार्यकर्ताओं ने चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय के पास रेलमार्ग क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक(शहर) एस.एस.बघेल ने संवाददाताओं को बताया कि करीब 50 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। राजनीतिक दलों के प्रदशर्न और बंद को देखते हुए सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
महंगाई व पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि सहित अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के घेरने के लिए सपा, वामदल, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सहित 13 राजनीतिक दलों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications