हंगामे से दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित (लीड-1)
इससे पहले, विपक्षी दलों के भारी हंगामे के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई थी। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आईपीएल और फोन टैपिंग विवाद का मुद्दा उठाया गया जबकि वामपंथी दलों, समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यों ने महंगाई का मुद्दा उठाया।
इस बीच, आईपीएल और फोन टैपिंग के मसले पर विपक्ष की ओर से संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा संसद के बाहर बयान देने पर भाजपा ने आपत्ति जताते हुए लोकसभा में मंगलवार को उन पर सदन की अवमानना का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि वह समाचार पत्र में यह देखकर चौंक गईं कि प्रधानमंत्री ने भाजपा की मांग खारिज कर दी है। सदन में महंगाई को लेकर हो रहे हंगामे के बीच सुषमा ने कहा, "यह कोई सामान्य बात नहीं है। यह पूरे सदन का अपमान है।"
भाजपा और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के मद्देनजर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर भी हंगामा जारी रहा। इस बीच कुमार ने सदस्यों को शांत कराने की कोशिश करती रहीं लेकिन हंगामा नहीं थमा। इस वजह से कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
उधर, लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी इन्हीं मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया। इसके कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। कार्यवाही फिर से शुरू होने पर विपक्ष ने इन मसलों पर हंगामा जारी रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications