एटीएम से ठगी करने वाला पकड़ा गया
भारतीय स्टेट बैंक की नौगांव शाखा के प्रबंधक अवधेश अग्रवाल ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि पिछले कुछ अरसे से एटीएम से राशि निकाल लिए जाने की उपभोक्ताओं से शिकायतें मिल रही थी। इस आधार पर बैंक ने अभियान चलाया तो इसका खुलासा हो गया और दो में से एक युवक राजेश सोनी उनकी गिरफ्त में आ गया।
अग्रवाल के मुताबिक राजेश और उसका साथी शिवम सोनी एटीएम मशीन के एक हिस्से में जहां बैंकिंग लिखा जाता है वहां सेलो टेप चिपका देते थे और उनकी नजर किसी बुजुर्ग के एटीएम से राशि निकालने पर रहती थी। जैसे ही एटीएम कार्ड डालने के बाद उपभोक्ता बैंकिंग पर पहुंचकर टच स्क्रीन पर उंगली लगाता तो टेप लगा होने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ती थी। उपभोक्ता प्रक्रिया को निरस्त किए बिना चला जाता और यह दोनों बैंकिंग के खाली छूटे टेप विहीन स्थान से स्पर्श कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाते और मनमाफिक रकम दर्ज कर निकाल लेते। इनका निशाना वरिष्ठ नागरिक होते थे, जिनका दोनों युवक पासवर्ड आसानी से देख लेते थे।
अब तक नौगांव में 10 से अधिक उपभोक्ताओं के खातों से रकम निकल चुकी हैं। अनुमान के मुताबिक यह राशि डेढ़ लाख रुपये से अधिक है। इसी तरह के कई मामले अन्य स्थानों पर भी हुए हैं। बैंक कर्मचारियों द्वारा पकड़े गए युवक राजेश को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications