भारत बंद : कई राज्यों में व्यापक असर (राउंडअप)

पश्चिम बंगाल में बंद की वजह से रेल और उड़ान सेवाएं बाधित हुईं। कोलकाता और राज्य के विभिन्न इलाकों में बंद से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुंदुहा स्टेशन पर बंद समर्थकों के साथ हुई झड़प में दो यात्री घायल हो गए।

विश्वविद्यालयों और विद्यालयों में प्रस्तावित परीक्षाओं के साथ-साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विभिन्न विमानन कंपनियों ने उड़ानों को रद्द कर दिया। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने रेलमार्गो पर प्रदर्शन किया। दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि लंबी दूरी की कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है।

केरल में बंद की वजह से राज्य परिवहन निगम की बसें नहीं चलाई गईं। राज्य भर में सभी शैक्षणिक और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने कहा, "इस प्रकार के रवैये को तत्काल बदलना होगा। नई नौकरियों और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की जरूरत होती है।"

लेकिन केरल के गृह मंत्री कोडियरी बालाकृष्णन से जब यह पूछा गया कि बंद से लोगों को पेरशानी हो रही है, तो उन्होंने कहा, "पूरे देश में लोगों को महंगाई से परेशानी हो रही है। हम बढ़ती महंगाई से चिंतित हैं।"

त्रिपुरा के विभिन्न इलाकों में अधिकांश शैक्षणिक और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का असर परिवहन व्यवस्था पर भी देखा गया। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बिजोन धर ने संवाददाताओं से कहा, "यह बंद बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार के प्रति लोगों का गुस्सा है।"

बिहार में बंद के कारण यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान समेत राज्यभर में 9,127 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार दरभंगा में 1,139, पटना में 1,100, मधुबनी में 400, नवादा में 710, खगड़िया में 315, बक्सर में 403, गोपालगंज में 285 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पटना में लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान, सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।

राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि राज्य में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

इधर, लोजपा अध्यक्ष पासवान ने बंद को पूरी तरह सफल बताते हुए इसे आम जनता का बंद बताया।

बंद समर्थकों ने कई स्थानों पर सड़क जाम किया तो कई स्थानों पर रेलगाडियां रोकी। कई स्थानों पर बंद समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

बंद समर्थकों ने जहानाबाद, दरभंगा, शेखपुरा, मसौढ़ी, खगड़िया, हाजीपुर सहित कई स्थानों पर रेल यातायात जाम कर दिया। ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं। समस्तीपुर, बेगूसराय, दरभंगा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर में बंद का व्यापक असर दिखा।

भारत बंद को देखते हुए पटना में सभी निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया था, तो दूसरी तरफ पटना विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झ्झड़पें हुईं। प्रदेश भर में लगभग 1,000 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, जौनपुर और मेरठ में सपा कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बसों में आ लगाई और रेल यातायात बाधित किया।

लखनऊ में पुलिस ने सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में बंद का मिलाजुला असर दिखा। इंदौर में सपा कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

तमिलनाडु के अधिकांश इलाकों में दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान अन्य दिनों की तरह खुले रहे। वहीं करुर, गोबीचेट्टीपालयम और माइलादुथुड़ी जिलों में बंद का आंशिक असर देखा गया।

उड़ीसा में बंद की वजह से यातायात सेवा सर्वाधिक प्रभावित हुई। बीजू जनता दल (बीजद) के नेता वैष्णव परिदा ने कहा, "हम आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने बंद का आह्वान केंद्र की नीतियों के खिलाफ किया है।"

आंध्र प्रदेश में मंगलवार को बंद के कारण सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने अपनी सेवाएं रोक दी। पुलिस के अनुसार राज्य के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनाकारी सड़कों पर उतर आए। अधिकांश इलाकों में शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। लेकिन हैदराबाद में बंद का आंशिक असर देखा गया।

दूसरी ओर माकपा ने बंद को व्यापक समर्थन मिलने की बात कही है। माकपा ने कहा है कि इससे सरकार के प्रति जनता का आक्रोश जाहिर हो गया है।

माकपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि वाममोर्चा सहित 13 राजनीतिक पार्टियों के आह्वान पर बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखण्ड, उड़ीसा, केरल और त्रिपुरा में पूर्ण बंदी रही।

माकपा ने कहा है कि विरोध प्रदर्शनों के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और दिल्ली में भी जन-जीवन प्रभावित हुआ है।

ज्ञात हो कि महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि सहित अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के लिए सपा, वामदल, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सहित 13 राजनीतिक दलों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+