बंद से जाहिर हुआ जन आक्रोश : माकपा
माकपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि वाममोर्चा सहित 13 राजनीतिक पार्टियों के आह्वान पर बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखण्ड, उड़ीसा, केरल और त्रिपुरा में पूर्ण बंदी रही।
बयान में कहा गया है, "आंध्र प्रदेश में बंद पूरी तरह सफल रहा। हैदराबाद में बंद का आंशिक असर रहा। तमिलनाडु में भी चेन्नई को छोड़ कर बाकी पूरे राज्यभर में बंद का व्यापक असर रहा।"
बयान में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में कामकाज और यातायात पूरी तरह ठप रहे। उत्तर प्रदेश के सभी शहरों और कस्बों में बाजार पूरी तरह बंद रहे। कई स्थानों पर सड़क व रेल यातायात प्रभावित हुआ।
बयान में आगे कहा गया है, "बिहार में सभी जिलों में पूर्ण बंदी रही। रेल और सड़क यातायात बाधिर रहे। बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और शिक्षण संस्थान बंद रहे। झारखण्ड में बाजार बंद रहे और रेल व सड़क यातायात बाधित रहा।"
माकपा की ओर से कहा गया है, "उड़ीसा में केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों, बैंक, रेलवे में कामकाज बुरी तरह बाधित हुआ। कई जिलों में राज्य सरकार के कार्यालय भी बंद रहे। सड़क और रेल यातायात बाधित रहा।"
बयान में कहा गया है, "केरल में सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़क और रेल यातायात बाधित रहा। प्रमु़ख शहरों और कस्बों में एलडीएफ (लेफ्ट डेमोक्रेटिक मोर्चा) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन आयोजित किया। त्रिपुरा में पूर्ण बंदी कायम रही। सभी कार्यालय, बाजार और शिक्षण संस्थान बंद रहे। यातायात पूरी तरह बंद रहा।"
माकपा ने कहा है कि विरोध प्रदर्शनों के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और दिल्ली में भी जन-जीवन प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications