भारत बंद : कई राज्यों में दिखा असर, परिवहन व्यवस्था प्रभावित (लीड-3)

पश्चिम बंगाल में बंद की वजह से रेल और उड़ान सेवाएं बाधित हुईं। कोलकाता और राज्य के विभिन्न इलाकों में बंद से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुंदुहा स्टेशन पर बंद समर्थकों के साथ हुई झड़प में दो यात्री घायल हो गए।

विश्वविद्यालयों और विद्यालयों में प्रस्तावित परीक्षाओं के साथ-साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विभिन्न विमानन कंपनियों ने उड़ानों को रद्द कर दिया। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने रेलमार्गो पर प्रदर्शन किया। दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि लंबी दूरी की रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है।

केरल में बंद की वजह से राज्य परिवहन निगम की बसें नहीं चलाई गईं। सड़कों पर केवल भारतीय अंतरिक्ष शोध संगठन (इसरो) और सूचना व प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों के कुछ वाहन नजर आए। राज्य भर में सभी शैक्षणिक और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने कहा, "इस प्रकार के रवैये को तत्काल बदलना होगा क्योंकि हम जिस दौर में रह रहे हैं वहां नई नौकरियों और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की जरूरत होती है।" उधर, केरल के गृह मंत्री कोडियरी बालाकृष्णन से जब यह पूछा गया कि बंद से लोगों को पेरशानी हो रही है, तो उन्होंने कहा, "पूरे देश में लोगों को महंगाई से परेशानी हो रही है। इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जा रहा है। हम बढ़ती महंगाई से चिंतित हैं।"

त्रिपुरा के विभिन्न इलाकों में अधिकांश शैक्षणिक और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का असर परिवहन व्यवस्था पर भी देखा गया। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बिजोन धर ने संवाददाताओं से कहा, "यह बंद बढ़ती महंगाई को रोकने में असफल केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा है।"

बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष रामविलास पासवान सहित 1,410 लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया। बंद समर्थकों ने कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया तो कई स्थानों पर रेलगाड़ियां रोक दी। कुछ स्थानों पर बंद समर्थकों और पुलिस में झड़पें भी हुई।

राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार अब तक राज्यभर में 1,410 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें सबसे ज्यादा पटना में 350 लोग शामिल हैं। पटना में पासवान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। बंद समर्थकों ने जहानाबाद, दरभंगा, शेखपुरा और मसौढ़ी में रेल मार्ग जाम कर दिया।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस से उनकी झड़पें भी हुईं।

लखनऊ में पुलिस ने सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। सपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सामने व अन्य दो जगहों पर तीन बसों को फूंक दिया और पुलिस पर पथराव किया।

लखनऊ के जिलाधिकारी अनिल कुमार सागर ने संवाददाताओं से कहा कि सपा कार्यकर्ताओं का प्रदशर्न हिंसक प्रदशर्न में बदल गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सपा कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद के प्रयाग रेलवे स्टेशन के निकट इलाहाबाद-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस रोकी और रेलमार्ग पर लेटकर यातायात बाधित किया।

मध्य प्रदेश और तमिलनाडु में बंद का मिलाजुला असर दिखा। इंदौर में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। राज्य के विभिन्न इलाकों में परिवहन व्यवस्था पर बंद का असर नहीं देखा गया।

तमिलनाडु के अधिकांश इलाकों में दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान अन्य दिनों की तरह खुले रहे। वहीं करुर, गोबीचेट्टीपालयम और माइलादुथुड़ी जिलों में बंद का आंशिक असर देखा गया। परिवहन व्यवस्था पर बंद का असर नहीं पड़ा। दक्षिण रेलवे के प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, "रेल सेवा पर बंद का असर नहीं देखा गया। सभी कुछ सामान्य है।"

उड़ीसा में बंद की वजह से यातायात सेवा सबसे अधिक प्रभावित हुई। बीजू जनता दल (बीजद) के नेता वैष्णव परिदा ने कहा, "हम आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने बंद का आह्वान केंद्र की नीतियों के खिलाफ किया है।"

आंध्र प्रदेश में मंगलवार को बंद के कारण सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने अपनी सेवाएं रोक दी है। पुलिस के अनुसार राज्य के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनाकारी सड़कों पर उतर आए। अधिकांश इलाकों में शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। हैदराबाद में बंद का आंशिक असर देखा गया। यहां अन्य दिनों की तरह ही सड़कों पर वाहन देखे गए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+