बिहार में रामविलास सहित 1,410 हिरासत में
बंद समर्थकों ने कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया तो कई स्थानों पर रेलगाड़ियां रोक दी। कुछ स्थानों पर बंद समर्थकों और पुलिस में झड़पें भी हुई।
राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार अब तक राज्यभर में 1,410 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें सबसे ज्यादा पटना में 350 लोग शामिल हैं। पटना में पासवान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।
बंद समर्थकों ने जहानाबाद, दरभंगा, शेखपुरा और मसौढ़ी में रेल मार्ग जाम कर दिया। रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक रेल मार्ग जाम होने से कई रेलगाड़ियां खड़ी हैं। समस्तीपुर में भी बंद का खासा असर दिख रहा है, वहीं नालंदा में बंद करा रहे 15 बंद समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने आरा में राष्ट्रीय राजपथ 30 जाम कर कर दिया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बंद का सबसे अधिक प्रभाव आवागमन पर देखा जा रहा है। पटना सहित आरा, नालंदा, मुजफ्फपुर में बंद समर्थक अलग-अलग जत्थों में बंद कराने निकले।
भारत बंद को देखते हुए पटना में सभी निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है तो दूसरी तरफ पटना विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि भारत बंद के मद्देनजर सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। पटना में 17 स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा पटना जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications