इस्तीफ़ा नहीं दूंगा : मोदी

विवाद में फँसे आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने शनिवार की शाम ट्विटर पर दिए गए अपने संदेश में कहा है कि उन पर इस्तीफ़ा देने के लिए दबाव डाला जा रहा है लेकिन वे इस्तीफ़ा नहीं देंगे.
उन्होंने लिखा है, “लोग मुझ पर इस्तीफा देने के लिए दबाव डाल रहे हैं, पर ऐसा नहीं होगा. उन लोगों को मुझे हटाने दीजिए.”
उन्होंने कहा है कि सच जल्दी ही सामने आ जाएगा और इसके लिए इंतज़ार करना चाहिए.
उल्लेखनीय है कि आईपीएल की कोच्चि टीम को लेकर पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर के साथ बयानबाज़ी से शुरु हुए विवाद ने बड़ा रुप ले लिया है.
इसकी वजह से शशि थरूर ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया और आईपीएल को लेकर कई स्तर पर जाँच शुरु हो गई है.
आर्थिक अनियमितताओं से लेकर आयकर तक के कई मामलों में जाँच शुरु होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ललित मोदी पर इस्तीफ़े का दबाव बढ़ा दिया है.
इस पर फ़ैसला लेने के लिए 26 अप्रैल को आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक बुलाई गई है.
ललित मोदी इस बैठक को आगे बढ़ाने की बात कह रहे हैं लेकिन बीसीसीआई के पदाधिकारी कह रहे हैं कि बैठक नियत तिथि पर ही होगी.
इस विवाद ने मीडिया के चेहेते ललित मोदी को मीडिया के ही ख़िलाफ़ खड़ा कर दिया है.
मोदी ने शाम पौने छह बजे ट्विटर पर भेजे संदेश में लिखा है, "मीडिया मेरे बारे में मनगढ़ंत कहानियां फैला रहा है. इससे पता चलता है कि मीडिया किस तरह अपनी ताक़त का ग़लत इस्तेमाल कर सकता है."
मोदी ने लोगों से आग्रह किया कि वे इन आधारहीन बातों से प्रभावित न हों.
ललित मोदी ने लिखा है, “जो कुछ हमने किया है उसे आप पिछले चार सालों से देख रहे हैं. और इसे हमसे कोई भी यूं ही वापस नहीं ले सकता.”
उन्होंने लिखा है कि जल्दी ही सभी तथ्यों की सच्चाई सामने आ जाएगी.












Click it and Unblock the Notifications