भारत-नेपाल सीमा पर बनेगी 2,200 किलोमीटर लंबी सड़क : चिदंबरम (लीड-1)
पटना, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी़ चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर 2,200 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।
बिहार के रक्सौल में शनिवार को एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी)की आधारशिला रखने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा, "भारत-नेपाल सीमा पर 2,200 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क के निर्माण में 1,752 करोड़ रुपए खर्च आने की संभावना है।"
उन्होंने कहा कि आईसीपी पूरी तरह से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। देश में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों का आधुनिक तरीके से परीक्षण किया जाएगा। आईसीपी के बनने से सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने में अधिक सहायता मिलेगी।
गौरतलब है कि रक्सौल आईसीपी बिहार में खुलने वाली पहली तथा देश की दूसरी आईसीपी होगी। करीब 250 एकड़ में बनने वाले इस आईसीपी में 120 करोड़ रुपए खर्च आने की उम्मीद है और यह जून 2011 तक बनकर तैयार हो जाएगी।
भारत-नेपाल सीमा के पास तीन और आईसीपी बनाने की योजना है इसमें से एक बिहार के जोगबनी में बनाया जाएगा। आईसीपी खोलने का मुख्य उद्देश्य देश की सीमाओं पर विभिन्न प्रवेश और निकासी बिन्दुओं पर ढांचागत बाधाओं को दूर करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications