दोसांज की मौत चाहते हैं खालिस्तानी
खालिस्तान समर्थक तत्वों ने फेसबुक पर 'उज्जल दोसांज एक सिख गद्दार' नामक पेज पर सिख कट्टरपंथियों का विरोध करने वाले ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के पूर्व प्रधानमंत्री दोसांज की हत्या की इच्छा जताई है।
खुद को लंदन निवासी बताने वाले बाबी ग्रेवाल ने इस पर कहा, "जितना शीघ्र संभव हो कोई उसे गोली मार दे।"
एक पोस्ट लिखने वाले ने अपनी पहचान सुखी लोको सिंह बताते हुए कहा, "गुरुजी-शहीद संत जरनैल सिंह भिंडरावाले का जो भी आपमान करे उसे नहीं छोड़ना।"
फेसबुक पर पेज के संचालक अवतार कांड ने कहा कि दोसांज ने चुनाव जीतने के लिए अपनी सिख पृष्ठभूमि का उपयोग किया लेकिन बाद में अपने ही लोगों को धोखा दिया।
रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने कहा कि वह इन धमकियों को बहुत गंभीरता से ले रही है।
आरसीएमपी के प्रवक्ता ने पाल रिचर्ड्स ने मीडिया से कहा, "हम मामले से वाकिफ हैं और उसकी जांच कर रहे हैं। निश्चय ही हम इसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं।"
इस बारे में पूछे जाने पर दोसांज ने कहा कि फेसबुक पर ऐसी घृणापूर्ण टिप्पणियां पढ़कर वह स्तब्ध हैं।
दोसांज ने आईएएनएस से कहा, "सबसे अधिक परेशान करने वाली बात यह है कि इन टिप्पणियों को ऐसे युवाओं ने लिखा है जो यहां पैदा हुए, बड़े हुए और शिक्षा हासिल की। सिखों को एक बहुत छोटा धड़ा खालिस्तान के विचार पर अड़ा हुआ है और अपने बच्चों के दिमाग में जहर घोल रहा है। यह कनाडा के लिए शुभ संकेत नहीं है।"
दोसांज ने कहा, "यदि आप अपने बच्चों से कहेंगे कि एयर इंडिया के विमान में विस्फोट करके 329 लोगों की हत्या करने वाले शहीद हैं तो वे बड़े होकर हिंसक व्यक्ति बन जाएंगे।"
दोसांज ने कहा कि निश्चय ही यह कनाडा की समस्या है लेकिन भारत को भी सतर्क हो जाना चाहिए क्योंकि यहां के खालिस्तानी तत्व पंजाब में आतंकवाद फिर से जीवित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications