निचली अदालतों की हालत पर चिंता जताई
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश एस.एच.कपाड़िया ने देश के विभिन्न राज्यों में निचली अदालतों की दयनीय बुनियादी हालत पर चिंता जाहिर की है। कपाड़िया मई में सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश का पद संभालेंगे।
न्यायाधीश कपाड़िया ने प्रगति मैदान स्थित सर्वोच्च न्यायालय के एनेक्सी कांप्लेक्स की आधारशिला रखने के लिए आयोजित एक समारोह के दौरान यह चिंता जाहिर की। 12 एकड़ क्षेत्र में फैले इस कांप्लेक्स में अधिवक्ताओं के लिए कार्यालय, सभागार और पुस्तकालय भी बनाए जाएंगे।
निचली अदालतों की बुनियादी समस्यायों पर चिंता जाहिर करते हुए कपाड़िया ने कहा, "हम (सर्वोच्च न्यायालय) इस मामले में भाग्यशाली हैं कि दिल्ली में हैं और केंद्र से हमारे लिए धनराशि उपलब्ध है।"
उन्होंने कहा कि निचली अदालतों में हालत काफी खराब है। यहां तक कि अदालतों में पंखे नहीं हैं और वकीलों तथा अदालत आने वालों के लिए वाटरकूलर तक नहीं है।
राज्य और केंद्र सरकारों को उन्हें पर्याप्त धनराशि मुहैया कराए जाने की आवश्यकता है।
सर्वोच्च न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के.जी.बालाकृष्णन ने सर्वोच्च न्यायालय के एनेक्सी कांप्लेक्स की आधारशिला रखी। यह कांप्लेक्स 550 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।