अमेरिकी राज्य ने आव्रजन कानून कड़ा किया
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के एरिजोना राज्य के गवर्नर जान ब्रेवर ने शुक्रवार को एक कानून पर हस्ताक्षर किए, जिसके अनुसार अवैध आव्रजन को आपराधिक कृत्य बना दिया गया है और पुलिस हर संदिग्ध के आव्रजन स्तर की जांच कर सकती है।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार रिपब्लिकन पार्टी के ब्रेवर ने कहा कि यह उपाय हमारे राज्य को एक ऐसी समस्या से निपटने का एक और उपकरण है, जिसे हम नहीं पैदा करते और संघीय सरकार जिसकी जिम्मेदारी लेने से इंकार कर चुकी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार एरिजोना राज्य में करीब 460,000 अवैध आव्रजक रहते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शुक्रवार सुबह इस कानून को 'गुमराह' की संज्ञा दी थी। प्रांत की राजधानी फिनिक्स के बाहर सैकड़ों लोग इसके विरोध में प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए थे।
ब्रेवर ने जोर दिया कि नया कानून मेक्सिको-अमेरिका सीमा पर सक्रिय मादक पदार्थो के तस्करों से एरिजोना निवासियों की रक्षा करेगा और उन्होंने वायदा किया कि इस कानून का नस्लीय आधार पर दुरुपयोग नहीं होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications