नक्सलियों की हड़ताल से बस सेवाएं बाधित
भुवनेश्वर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। उड़ीसा में पुलिस की नक्सल विरोधी कार्रवाई के विरोध में नक्सलियों की छह दिन की हड़ताल के पहले दिन शनिवार को दो जिलों में सार्वजनिक बस सेवाएं बाधित रहीं।
पुलिस अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि कोरापुट और मल्कानगिरी जिले में केवल निजी बसें ही चल रही हैं।
कोरापुट जिले के परिवहन प्रबंधक सुकांत सेठी ने बताया कि हड़ताल के दौरान प्राय: सरकारी बसों को निशाना बनाए जाने को देखते हुए दो जिलों में बस सेवाएं रोक दी गई हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक अनूप साहू ने बताया कि कोरापुट में गोविंदपाली और नारायणपाटन इलाके में नक्सलियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
गौरतलब है कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्य चाहते हैं कि उड़ीसा सहित अन्य राज्यों में उनके खिलाफ चलाया जा रहा पुलिस अभियान बंद किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications