हिमालय पर बर्फबारी से भारत में सूखा
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमालय पर भारी बर्फबारी से भारत में सूखा पड़ सकता है। वैज्ञानिकों ने इस संबंध में एक अध्ययन किया है।
वैज्ञानिकों ने 1880 के आसपास हिमालय पर बर्फ बढ़ने और भारत में मानसून कमजोर होने के संबंधों का पता लगाया था लेकिन इसके पीछे जो कारण बताए गए थे उनमें बहुत स्पष्टता नहीं थी।
इस नए अध्ययन में बताया गया कि ज्यादा बर्फबारी की वजह से हिमालय पर ठंडी बढ़ती है और सूर्य के प्रकाश का ज्यादा परावर्तन होता है। इसकी वजह से मानसूनी हवाएं कमजोर हो जाती हैं।
अध्ययन में कहा गया कि ऊष्णकटिबंधीय प्रशांत में गर्मी (अल नीनो) और ठंडी (ला नीना) की अनुपस्थित की स्थितियों के बीच गहरा संबंध है। भारत में बारिश के लिहाज से इनका प्रभावी नियंत्रण है।
इस अध्ययन की अगुवाई करने वाले
ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग के वाकर इंस्टीट्यूट के एंडी टर्नर कहते हैं, "हिमालय और तिब्बत के पठार पर बर्फबारी की स्थिति से भारत के मानसून विशेषकर जून की शुरुआत में उत्तर भारत के मौसम के बारे में अनुमान लगाया जा सकता है।"
टर्नर के अनुसार मानसून का शुरुआती समय कृषि के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। फसलों की बढ़ोतरी वाले मौसम के शुरुआत में बारिश की कमी से फसलों पर विनाशकारी प्रभाव पड़ता है।
इस अध्ययन में स्पष्ट कहा गया है कि हिमालय और तिब्बत में जाड़े में भारी बर्फबारी की वजह से भारत के कई हिस्सों में सूखे का खतरा बढ़ जाता है। खासकर जून महीने में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications