सिटी समूह को 4.4 अरब डॉलर का लाभ
वाशिंगटन, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। सिटी समूह को पहली तिमाही में 4.4 अरब डॉलर का लाभ हुआ है। यह आंकड़ा पिछले तीन वर्षो में सबसे ज्यादा है। बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भारतीय मूल के विक्रम पंडित ने भविष्य में अच्छे नतीजों की आशा जताई है लेकिन सावधानीपूर्वक काम करने पर बल दिया है।
पंडित ने कहा, "हमें पहली तिमाही के नतीजों पर बहुत खुशी हुई है लेकिन भविष्य में भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए मौजूदा वित्तीय माहौल को देखते हुए हमें सतर्कता रखनी पड़ेगी क्योंकि आर्थिक मंदी से बाहर निकलने की प्रक्रिया में अनिश्चितता है और अमेरिका में बेरोजगारी काफी ज्यादा है।"
सिटी समूह को पहली तिमाही में 4.4 अरब डॉलर का लाभ हुआ जबकि पिछली तिमाही में 7.6 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था। इसी तरह साल 2009 की पहली तिमाही में कंपनी ने 1.6 अरब डॉलर कमाए थे।
पिछले दो वर्षो के दौरान समूह को अरबों डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है इसलिए निवेशक बैंक के लाभ की स्थिति में वापस लौटने को लेकर चिंतित हैं लेकिन पहली तिमाही के नतीजों से निवेशकों को राहत मिली है।
सिटी समूह के हालिया नतीजों से साफ है कि साख की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है और कारोबारी गतिविधियों मे तेजी आ रही है।
बैंक की तरफ से कहा गया है कि उपभोक्ता और कॉरपोरेट ऋण लेने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इसका असर पहली तिमाही के नतीजों पर दिख रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications