आईपीएल पर दो वर्ष तक कर क्यों नहीं लगा : येचुरी
माकपा के पोलित ब्यूरो के सदस्य सीताराम येचुरी ने कहा कि आयकर विभाग को तत्काल इसकी जांच करनी चाहिए कि पिछले दो वर्षो के दौरान आईपीएल ने 'टैक्स रिटर्न' क्यों नहीं जमा किया और उसे मनोरंजन कर से छूट क्यों दी गई।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पूरे आईपीएल मामले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत होनी चाहिए और शेयर घोटाले की जांच की तरह एक संयुक्त संसदीय समिति गठित की जानी चाहिए।
पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर की अपने खिलाफ सभी आरोपों की विस्तृत जांच की मांग का हवाला देते हुए येचुरी ने कहा कि थरूर का इस्तीफा मामले का अंत नहीं है।
उन्होंने कहा, "आईपीएल ने क्रिकेट के लिए कुछ नहीं किया है। इसने क्रिकेट के प्रति भारतीय लोगों के आकर्षण का दुरुपयोग करके संदिग्ध उपायों से एक बहुत बड़ा वाणिज्यिक संचालन तंत्र बना लिया।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान कि भारत भाई-भतीजावाद वाले पूंजीवाद को नहीं झेल सकता, का हवाला देते हुए येचुरी ने कहा कि आईपीएल और कुछ नहीं भाई-भतीजावाद वाले पूंजीवाद के एक घोटाले का खुलासा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए पैसा मारीशस के रास्ते से आया।
उन्होंने कहा, "हम मारीशस के साथ दोहरे कराधान से मुक्ति संधि की समीक्षा के लिए कहते रहे हैं। वहां से कैसे संदिग्ध पैसा वैध बन रहा है, इसकी जांच की आवश्यकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications