पुलिस वर्दी में चीनी से भरा ट्रक लूटा
जयपुर, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। जयपुर से 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दूदू थाना क्षेत्र में नीली बत्ती लगी गाड़ी में पुलिस की वर्दी में आए बदमाश चीनी से भरा एक ट्रक लूट कर फरार हो गए।
ट्रक लूटने से पहले उन्होंने चालक और खलासी के हाथ-पांव बांध कर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस के एक दल को लुटेरों की तलाश में हरियाणा के मेवात इलाके में रवाना किया गया है।
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र से चीनी की बोरियां लेकर चालक राजेंद्र सिंह जयपुर आ रहा था। इसी दौरान मंगलवार तड़के करीब चार बजे दूदू-बगरू के पास एक बोलेरो गाड़ी में सवार लोगों ने वाहन को रुकने का इशारा किया।
पुलिस के मुताबिक बोलेरो पर नीली बत्ती लगी हुई थी और उसमें सवार लुटेरों ने खाकी वर्दी पहन रखी थी। लिहाजा चालक ने तुरन्त ट्रक रोक दिया। वाहन के रुकते ही बोलेरो से तीन-चार युवक उतरे और उन्होंने चालक और खलासी को हथियार के बल पर उनका हाथ-पांव बांधकर केबिन के कोने में बैठा दिया। एक लुटेरा ट्रक को लेकर हरमाड़ा की ओर रवाना हो गया। हरमाड़ा के पास उन्होंने चालक और खलासी को सड़क के किनारे पटक दिया।
चालक और खलासी ने किसी तरह से हाथ-पांव खोलकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सिंह ने बताया कि लुटेरे मेवाती भाषा में बात कर हरे थे। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि लुटेरे अलवर या हरियाणा में मेवात इलाके के हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications