मुझ पर लगे आरोपों की गहराई से जांच हो : थरूर (लीड-2)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की कोच्चि फ्रेंचाइजी से जुड़े विवाद को लेकर आरोपों में घिरने के बाद थरूर ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफे के बाद थरूर ने लोकसभा में मंगलवार को कहा, "अपने ऊपर लगे काल्पनिक और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से मुझे गहरा आघात पहुंचा है। मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि मेरे ऊपर लगे आरोपों की गहराई से जांच हो।" थरूर ने इससे पहले मंत्री रहते हुए इस मुद्दे पर लोकसभा में सफाई दी थी लेकिन विपक्ष उनकी सफाई से संतुष्ट नहीं हुआ और उनके इस्तीफे पर अड़ा रहा।
उन्होंने कहा, "मेरी अंतर्रात्मा साफ है। मैंने कुछ भी गलत, अनैतिक या गैरकानूनी काम नहीं किया है। मेरे लिए इन आरोपों से बरी होकर निकलना बुहत महत्वपूर्ण है।"
भावुक थरूर ने कहा, "भारतीय राजनीति में मैं नया हूं लेकिन सार्वजनिक जीवन में मेरा लंबा ट्रेक रिकार्ड रहा है, जिसमें कभी भी मुझ पर वित्तीय अनियमितता का आरोप नहीं लगा। मुझे गर्व है कि मैं इस संसद में केरल की राजधानी तिरूवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व करता हूं।"
खुद को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा, "दोनों नेताओं के हाथ में देश सुरक्षित है। मेरे लिए अब एक नई शुरुआत होगी।"
उल्लेखनीय है कि विवाद में पड़ने के बाद थरूर ने गत रविवार को प्रधानमंत्री से भेंट कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications