पुलिस पर प्रवासी भारतीय की पिटाई का आरोप
एक प्रवासी भारतीय सहजेंद्र बिहारी सिंह (40) ने मंगलवार को बताया कि वह रविवार को पटना से जहानाबाद जा रहे थे। जहानाबाद के धरहरा गांव से पहले उन्होंने अपनी गाड़ी पुलिस की एक गाड़ी से आगे निकाल ली। वह धरहरा गांव पहुंचे ही थे कि पुलिस की गाड़ी में सवार कुछ पुलिसवाले उन लोगों पर टूट पड़े। इसके बाद जहानाबाद के सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सहित सभी पुलिसकर्मियों ने उनकी, उनके पिता की और बड़े भाई की लाठी-डंडों से पिटाई की।
सिंह का आरोप है कि जब वह स्थानीय थाने परसा बाजार में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो वहां भी मामला दर्ज नहीं किया गया।
इसके बाद उन्होंने सोमवार को पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में और राज्य मानवाधिकार आयोग में इस मामले की शिकायत की।
उधर, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी. के. ठाकुर ने मंगलवार को बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications