पाकिस्तान में 2 आत्मघाती विस्फोटों में 41 मरे (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विस्फोट 10 मिनट के अंतराल पर हुए। पुलिस का कहना है कि जब पहले विस्फोट के बाद लोग राहत और बचाव कार्य के लिए शिविर में पहुंचे तभी दूसरा विस्फोट हो गया।
इस शिविर का नाम 'कच्चा पक्का' है और यह कोहाट से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर है।
पुलिस के एक प्रवक्ता फजल नईम ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने उस समय विस्फोट किया जब लोग सरकार द्वारा बांटे जाने वाले अनाज को लेने के लिए पंक्ति में खड़े थे।
यहां बचाव कार्य शुरू करने के सात मिनट बाद ही दूसरे आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर दिया।
नईम ने कहा कि विस्फोटों में 41 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर है।
उन्होंने कहा कि दोनों हमलावरों के कटे सिर बरामद कर लिए गए हैं।
कोहाट में एक सरकारी अस्पताल के चिकित्सक मुबाशीर खान का कहना है कि 41 लोगों की मौत हो गई और 64 जख्मी हुए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हताहतों में से ज्यादातर शिया मुसलमान हैं जो ओराकजई जिले में आतंकवादियों और सेना के बीच संघर्ष के चलते बेघर हो गए थे।
प्रवक्ता ने यह भी बताया कि दोनों हमलावरों के पास करीब आठ से 10 किलोग्राम तक विस्फोटक था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications