प्रधानमंत्री से दोबारा मिले थरूर
थरूर प्रधानमंत्री से मिलने अपने निजी वाहन से सात रेसकोर्स पहुंचे। मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री आवास से निकले थरूर ने बाहर इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियों को चकमा देते हुए दूसरे दरवाजे से निकलने का रास्ता चुना।
थरूर और मनमोहन सिंह के बीच लगभग 20 मिनट तक हुई बातचीत में क्या कुछ हुआ, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
इसके पहले थरूर ने दोपहर में भी प्रधानमंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी सफाई पेश की थी।
थरूर ने प्रधानमंत्री से दूसरी बार ऐसे समय में मुलाकात की है, जब उनसे संबंधित विवाद पर विचार करने के लिए रविवार शाम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर बुलाई गई कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक समाप्त हो गई।
लगभग दो घंटे चली यह बैठक सरकार में थरूर का भविष्य तय करने के लिए बुलाई गई थी। लेकिन कोर कमेटी के बैठक में क्या निर्णय हुआ, इस बारे में भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कोर कमेटी की बैठक में प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल ने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications