दिल्ली में दूसरे दिन भी तपन जारी (लीड-1)
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्लीवासियों को दूसरे दिन भी चिलचिलाती धूप और गर्मी से दो-चार होना पड़ा और राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार से सात डिग्री कम है।"
अधिकारी के मुताबिक सोमवार को भी गर्म हवाओं का चलना जारी रहेगा और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
दिल्लीवासियों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।
आईएमडी के अधिकारी ने बताया, "तापमान के लगातार ऊपर की ओर बढ़ने से लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी में गर्म हवाओं का रुख बना रहेगा।"
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा और आर्द्रता अधिकतम 40 फीसदी और न्यूनतम 15 फीसदी रही।
अधिकारी ने बताया, "दिल्ली के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ की कमी की वजह से ऐसी गर्मी पड़ रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications