हिरासत में मौत, 7 पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
जिले के अलीगंज थाने की पुलिस शनिवार को विजय सिंह (50) नामक व्यक्ति को पकड़कर थाने ले आई और कथित तौर पर पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर गुस्साये परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर तोड़फोड़ की। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर. के .चतुर्वेदी ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि हालात पूरी तरह से काबू में हैं। तनाव के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस एक मामले में विजय के बेटे ईश्वरी (25) को गिरफ्तार करने गई थी, लेकिन उसके न मिलने पर विजय को ही पकड़कर थाने ले लाई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने विजय को पकड़ कर उससे बेटे के बारे में जानकारी लेनी चाही और जानकारी न मिल पाने पर उसकी कथित पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
चतुर्वेदी ने कहा कि फिलहाल अलीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रणवीर सिंह सहित सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications