अब मोबाइल पर सुनिए गोंड जनजातियों की आवाज!
बीबीसी के पूर्व प्रोड्यूसर और इस समय नाइट इंटरनेशनल के फेलो शुभ्रांशु चौधरी ने 'सी जीनेट सवरा' नामक मोबाइल फोन आधारित सूचना नेटवर्क शुरू किया है। चौधरी इस समय छत्तीसगढ़ और झारखण्ड राज्य के सीमावर्ती इलाके में काम कर रहे हैं। इस क्षेत्र को नक्सल प्रभाव वाला माना जाता है।
इस माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी आडियो रिपोर्ट को दर्ज करा सकता है। चौधरी ने आईएएनएस से कहा कि इस सेवा को शीघ्र ही शुल्क मुक्त किया जाएगा।
किसी भी व्यक्ति को अपनी रिपोर्ट रिकार्ड कराने के लिए 080-66932500 डायल करना होगा और समाचार रिकार्ड कराने के लिए एक और सुनने के लिए दो नंबर दबाना होता है। यह लैंडलाइन सहित सभी प्रकार के फोनों पर उपलब्ध होगा।
आडियो रिपोर्ट गोंडी, कुर्कु, हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में रिकार्ड कराई जा सकती है। इन सभी को बेंगलुरू स्थित एक सर्वर में सुरक्षित किया जाता है। इन भाषाओं में पारंगत संपादकों का एक दल इन रिपोर्टों का संपादन करता है। संपादित रिपोर्ट मोबाइल फोन पर जारी होने के लिए वापस उसी सर्वर में सेव कर दी जाती है।
आडियो रिपोर्ट को सी जीनेट की वेबसाइट पर भी जारी किया जाता है।
फरवरी में शुरू हुए इस माध्यम में अब तक 250 से अधिक रिपोर्टे दर्ज हो चुकी हैं और करीब 110 समाचारों को जारी किया जा चुका है। इनमें 65 प्रतिशत रिपोर्टे हिंदी में हैं लेकिन बाकी गोंडी, कुर्कु और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications