स्टेडियम विस्फोट के संदिग्ध का सुराग मिला
बेंगलुरू के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एम.आर. पुजार ने आईएएनएस को बताया, "हमने रविवार को बरामद किए गए दो जिंदा देसी बमों को स्टेडियम तक पहुंचाने और शनिवार को मैच से पहले हुए दो विस्फोटों के लिए जिम्मेदार लोगों के बारे में सुराग हासिल करने में सफलता प्राप्त की है।"
पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच जांच दल गठित किए हैं। जांच दलों ने रविवार को स्टेडियम के करीब दो बम मिलने के बाद अपनी जांच प्रक्रिया में तेजी लाई, जिसके बाद ही सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है।
पुजार ने कहा, "हम आशा करते हैं कि जल्द ही कुछ लोगों को गिरफ्तार करने में सफल रहेंगे। हमारी जांच जारी है और इसी प्रक्रिया के तहत हमने कुछ महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए हैं।"
शनिवार को मैच से पहले हुए विस्फोटों के बाद पुलिस ने स्टेडियम के इर्द-गिर्द अपनी जांच का घेरा बढ़ा दिया। इसी के तहत रविवार सुबह उसे दो जिंदा देसी बम मिले। बमों की खोज के लिए खोजी कुत्तों और बम निरोधी दस्ते को लगाया गया है। स्टेडियम के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया गया है।
पुजार ने कहा, "स्टेडियम के आसपास के इलाको में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के अलावा हमने उसके अंदर और बाहर के सभी स्थानों की गहनता से जांच की। हम जानना चाहते थे कि स्टेडियम के भीतर और बाहर और विस्फोटक तो नहीं छुपाए गए हैं।"
खोज प्रक्रिया के तहत लगभग 500 बिलबोर्डो के उनके स्थान से हटा दिया गया। बकौल पुजार, "हम एक-एक बिलबोर्ड को हटाकर बम की तलाश कर रहे हैं। हमारा काम पूरे दिन चलेगा। फिलहाल हम संदिग्धों के बारे में कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। आखिर गिरफ्तारी के बगैर हम कैसे बता सकते हैं कि इन धमाकों के पीछे कौन लोग हैं?"
उल्लेखनीय है कि शनिवार को स्टेडियम के गेट संख्या-12 के बाहर धमाका हुआ था, जिसमें 16 लोग घायल हुए थे। इनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिकर्मियों को मामूली चोट लगी जबकि एक सुरक्षा स्वयंसेवक को सिर पर गंभीर चोट आई है। उसका इलाज माल्या अस्पताल में किया जा रहा है।
दूसरा धमाका अनिल कुंबले सर्किल के करीब हुआ था। यह स्थान स्टेडियम के मुख्य द्वार से आधा किलोमीटर दूर है। इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ। इसके अलावा जब मैच जारी था तब स्टेडियम के भीतर से भी एक विस्फोटक बरामद किया गया था। उसे निष्क्रिय कर दिया गया। शनिवार को इस्तेमाल में लाए गए तीनों बमों के साथ टाइमर जुड़ा था।
रविवार को भी स्टेडियम के बाहर से दो देसी बम बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बमों को निष्क्रिय कर दिया गया है। बेंगलुरू के पुलिस उपायुक्त शंकर बिदारी ने बताया कि पहला बम रविवार सुबह करीब नौ बजे स्टेडियम के गेट संख्या-1 के करीब स्थित बस स्टॉप के पास से बरामद किया गया जबकि दूसरा विस्फोटक स्टेडियम के बाहर एक विज्ञापन होर्डिग के पास मिला। दोनों बमों को निष्क्रिय कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications