मास्को दोहरे विस्फोट से संबंधित महिला हिरासत में
मास्को, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मास्को में पिछले महीने भूमिगत मेट्रो स्टेशनों में हुए दोहरे आत्मघाती विस्फोटों से कथित रूप से संबद्ध एक लिथुआनियाई महिला को हिरासत में लिया गया है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार पश्चिमी लिथुआनियाई शहर, क्लैपेडा की 20 वर्षीय महिला को विलनियस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया था। उसे उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह दोनों बम विस्फोटों से कुछ समय पहले मास्को जाने वाली एक उड़ान में सवार होने की कोशिश कर रही थी।
समाचार पत्र, 'लीतुवोज रिताज' ने खबर दी है कि लिथुआनिया की विशेष सेना मास्को के दो मेट्रो स्टेशनों पर हुए दोहरे बम विस्फोटों में इस महिला की संलिप्तता के सूत्र तलाश रही हैं।
यह महिला लिथुआनियाई विशेष सेना की नजर में इसलिए आई, क्योंकि वह बार-बार रूसी वीजा हासिल करने की कोशिश कर रही थी।
हवाई अड्डे पर हुई एक जांच के बाद पाया गया कि उस महिला को उसके लगेज में रखे विस्फोटकों व उनके इस्तेमाल तथा मास्को मेट्रो के नक्शों की जानकारी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।