सीबीआई के पास मायावती की अवैध संपत्ति के साक्ष्य
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती को नोटों की माला पहनाए जाने पर उठे विवाद के करीब एक महीने बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सर्वोच्च न्यायालय से कहा कि उसके पास मायावती और उनके रिश्तेदारों की अवैध संपत्ति को साबित करने के लिए साक्ष्य हैं।
सीबीआई ने शुक्रवार को मायावती के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले में पेश शपथ पत्र में दावा किया कि उसके पास यह दिखाने के लिए गवाहों के बयान हैं कि उन्होंने लोगों से वास्तव में बलपूर्वक उपहार हासिल किए हैं।
मुख्यमंत्री और उनके रिश्तेदारों पर मुकदमा चलाने के लिए इसे गंभीर बताते हुए सीबीआई ने कहा कि उसके पास इस बाद के पुख्ता सबूत हैं कि उन्होंने संपत्ति हासिल की है और अपनी कानूनी कमाई से अधिक संपत्ति बनाई है।
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 मार्च को मायावती का हजार-हजार रुपयों के नोटों की माला पहनाए जाने पर उठे विवाद के एक महीने के भीतर सीबीआई का यह शपथ पत्र सामने आया है। माला की कीमत 21 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीबीआई ने कहा कि अरबों रुपयों के ताज हेरिटेज कारिडोर मामले में मायावती और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों पर मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं देने वाला उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल टी.वी.राजेश्वर राव का जून 2007 का आदेश उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला चलाने के लिए लागू नहीं होना चाहिए।
सर्वोच्च न्यायालय से भ्रष्टाचार के मामलों को समाप्त करने का आग्रह करने वाली मायावती की याचिका के जवाब में सीबीआई ने अपना शपथ पत्र पेश किया है।
सीबीआई ने कहा कि उसने मामले की जांच कर ली है और किसी भी समय सर्वोच्च न्यायालय में आरोप पत्र दायर करने के लिए तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications