झुग्गी-बस्ती में आग, 400 झोपड़ियां खाक (लीड-2)
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली में दो झुग्गी-बस्तियों में शनिवार देर रात लगी आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 400 झोपड़िया जलकर खाक हो गईं।
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में स्थित एक झुग्गी बस्ती लगी आग की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो जख्मी हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया, "हमें आग लगने की जानकारी शनिवार देर रात लगभग 2.47 बजे मिली। आग बुझाने वाले आठ दमकल वाहन घटना स्थल के लिए रवाना किए गए।"
डीएफएस के मुताबिक हादसे में चार झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग पर काबू पाने में एक घंटे का समय लगा।
एक अन्य घटना में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग के नजदीक एक झुग्गी बस्ती में आग लगी गई।
अधिकारी ने बताया,"हमें इस घटना की जानकारी रविवार तड़के करीब चार बजे मिली और 27 दमकल वाहन आग पर काबू पाने के लिए रवाना किए गए।"
यहां आग पर काबू पाने में डेढ़ घंटे का समय लगा।
उन्होंने बताया, "किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है, लेकिन 400 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं।"
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम आग भड़कने के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"
गौरतलब है कि राजधानी में अप्रैल महीने में विभिन्न झुग्गी बस्तियों में आग लगने के कई हादसे हुए हैं।
गत मंगलवार शालीमार बाग में एक चाय की दुकान पर सिलिंडर गस रिसाव से आग लगी। इसमें 28 लोग झुलस गए थे, जिनमें 21 बच्चे और चार महिलाएं शामिल थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications