चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 2 देसी बम बरामद (लीड-2)
पुलिस ने बताया कि बमों को निष्क्रिय कर दिया गया है। शनिवार को स्टेडियम के पास हुए धमाके में 16 लोग घायल हुए थे।
बेंगलुरू के पुलिस उपायुक्त शंकर बिदारी ने बताया कि पहला बम रविवार सुबह करीब नौ बजे स्टेडियम के गेट संख्या-1 के करीब स्थित बस स्टॉप के पास से बरामद किया गया जबकि दूसरा विस्फोटक स्टेडियम के बाहर एक विज्ञापन होर्डिग के पास मिला। दोनों बमों को निष्क्रिय कर दिया गया।
आयुक्त के मुताबिक पुलिस ने विस्फोटकों की तलाश में सुबह से 1000 बिलबोर्डो (विज्ञापन बोर्ड) की जांच की है। उन्होंने कहा, "हम सभी बिलबोर्डो को हटाकर गहनता से जांच कर रहे हैं। अब तक हम इस क्षेत्र में स्थित 1000 बिलबोर्डो की जांच कर चुके हैं। वैसे रविवार को बरामद बमों के साथ टाइमर नहीं जुड़ा था।"
शहर के बीचो-बीच और मुख्य शॉपिंग सेंटर एम.जी. रोड के करीब स्थिति होने के कारण पुलिस काफी गंभीरता से पूरे क्षेत्र की जांच कर रही है। स्टेडियम का मुख्य द्वार कुब्बन रोड की ओर खुलता है, जहां रोजाना हजारों लोग धूमने-फिरने के लिए पहुंचते हैं।
इस स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाने हैं, लिहाजा पुलिस अपनी ओर से किसी प्रकार का ढील नहीं बरतना चाहती। सेमीफाइनल मैच 21 और 22 अप्रैल को होने हैं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को स्टेडियम के गेट संख्या-12 के बाहर धमाका हुआ था, जिसमें 16 लोग घायल हुए थे। इनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिकर्मियों को मामूली चोट लगी जबकि एक सुरक्षा स्वयंसेवक को सिर पर गंभीर चोट आई है। उसका इलाज माल्या अस्पातल में किया जा रहा है।
दूसरा धमाका अनिल कुंबले सर्किल के करीब हुआ था। यह स्थान स्टेडियम के मुख्य द्वार से आधा किलोमीटर दूर है। इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ।
इसके अलावा जब मैच जारी था तब स्टेडियम की भीतर से भी एक विस्फोटक बरामद किया गया था। उसे निष्क्रिय कर दिया गया। शनिवार को इस्तेमाल में लाए गए तीनों बमों के साथ टाइमर जुड़ा था।
इस बीच, न्यूजीलैंड सरकार ने बम धमाकों की इस घटना को गंभीरता से लिया है। इन धमाकों के बाद न्यूजीलैंड ओलंपिक संघ के कान खड़े हो गए हैं। वह राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर हालात पर नजर रखे हुए है।
शनिवार को जब मैदान के बाहर धमाके हुए तब न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के उपकप्तान रॉस टेलर और कमेंटेटर साइमन डुल मैदान के भीतर थे। इस घटना ने न्यूजीलैंड सरकार को अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित कर दिया है।
वेबसाइट 'स्टफ डॉट को डॉट एनजेड' ने द न्यूजीलैंड ओलंपिक कमिटि (एनजेडओसी) के हवाले से लिखा है कि वह इस घटना को गंभीरता से ले रही है और इस संबंध में वह सरकार द्वारा गठित 'मेजर इवेंट सिक्यूरिटी कमिटि' से विचार-विमर्श करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications