थरूर मिले प्रधानमंत्री से (लीड-1)
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोच्चि टीम को लेकर उपजे विवाद के मद्देनजर इस्तीफे देने का दबाव झेल रहे विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर ने रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रधानमंत्री से हुई थरूर की मुलाकात की पुष्टि तो की लेकिन उन्होंने विस्तार से जानकारी देने से इंकार कर दिया।
प्रधानमंत्री से थरूर की मुलाकात को अहम माना जा रहा है क्योंकि रविवार शाम को ही कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है, जिसमें थरूर की किस्मत का फैसला किया जाना संभावित है।
कोर ग्रुप की बैठक में प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी और कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल हिस्सा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि आठ दिवसीय विदेश यात्रा के बाद शनिवार को स्वदेश लौटने के क्रम में पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री ने थरूर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।"
खुद थरूर ने शुक्रवार को लोकसभा में इस विवाद पर अपनी सफाई पेश की थी। उन्होंने अपना लिखित बयान सदन के पटल पर पेश किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने कोच्चि टीम को आईपीएल की फ्रेंचाइजी दिलाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वामपंथी दलों ने थरूर के इस्तीफे की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications