मुंबई की अदालत में बम की अफवाह
मुंबई, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई के पूर्वी बांद्रा में स्थित एक अदालत की पांच मंजिली इमारत में बम रखे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। बम की सूचना मिलने के बाद इमारत में दो घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन बम की खबर झूठी निकली।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में बम रखे होने की सूचना फोन से दी गई। एक अज्ञात फोनकर्ता ने बांद्रा के पूर्वी इलाके में स्थित अदालत की पांच मंजिली इमारत में बम रखे होने की सूचना दी थी।
निर्मल नगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रशांत बगाडे ने बताया, "बम निरोधक दस्ते द्वारा इमारत की गहन तलाशी के बाद घटनास्थल से कोई संदेहास्पद वस्तु नहीं मिली।"
घटना की जानकारी मिलने पर आतंकवाद निरोधी दस्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गया।
बागडे ने बताया कि शनिवार का दिन होने की वजह से अधिकतम 200 लोग इमारत में मौजूद थे। इमारत को खाली कराने में ज्यादा समय नहीं लगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले की पहचान और जगह के बारे में जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications