नर्मदा बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं का धरना जारी
इंदौर, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। नर्मदा नदी पर बन रहे सरदार सरोवर बांध की ऊंचाई बढ़ाने से प्रभावित होने वाले परिवारों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर नर्मदा बचाओ आंदोलन की अगुवाई में नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण के दफ्तर के सामने अनिश्चितकालीन धरना जारी है।
आंदोलन की ओर से कहा गया है कि सरदार सरोवर बांध की ऊंचाई 122 मीटर किए जाने के बाद प्रभावित हुए परिवारों को ही अपना हक नहीं मिला है। इतना ही नहीं अब 17 मीटर ऊंचाई और बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। ऐसा होने पर हजारों परिवार प्रभावित होंगे। उनकी मांग है कि आने वाले समय मे नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण की क्या भूमिका रहेगी इसका खुलासा किया जाए।
आंदोलन की कार्यकर्ता मेधा पाटकर का कहना है कि पूर्व में प्रभावित परिवारों को जमीन के बदले जमीन नहीं मिली है। इसके अलावा मुआवजा वितरण में हुई गड़बड़ियां भी किसी से छुपी नहीं है। उनका कहना है कि फर्जी रजिस्ट्रियों के जरिए जमकर बंदरबांट की गई है।
गौरतलब है कि नर्मदा बचाओ आंदोलन ने नर्मदा नदी पर बन रहे बांध से पड़ने वाले प्रभाव के प्रति जनजागृति लाने के मकसद से नर्मदा जीवन अधिकार यात्रा निकाली थी। यह यात्रा सरदार सरेावर और जोवट बांध से प्रभावित होने वाले गांवों में पहुंची और इसमें हर वर्ग के लोग शामिल हुए। बांध पीड़ितों ने अपना हक न मिलने पर प्रदेश सरकार को आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
उल्लेखनीय है कि पाटकर के नेतृत्व में मंगलवार को नर्मदा जीवन अधिकार यात्रा इंदौर के नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण के कार्यालय पर पहुंची, जहां नर्मदा बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने न आने पर आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications