कुंभ पर्व : 3 की मौत, जूना अखाड़े का शाही स्नान से इंकार (लीड-1)
हरिद्वार, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। कुंभ पर्व के अंतिम शाही स्नान के दौरान बुधवार सुबह हरिद्वार में एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जूना अखाड़े ने शाही स्नान से इंकार कर दिया है।
मुख्य शाही स्नान की तैयारी के लिए जा रहे जूना अखाड़े के एक महामण्डलेश्वर की अनियंत्रित गाड़ी से कुचलकर दो लोगों की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की इस दुर्घटना के बाद मची भगदड़ में मौत हो गई। यह हादसा चण्डी घाट पुल के पास हुआ। इसमें तीन और श्रद्घालु जख्मी हो गए। राज्य के मुख्यमंत्री डा़ रमेश पोखरियाल निशंक ने चण्डी घाट पुल हादसे में दो ही लोगों की मौत की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि महामण्डलेश्वर की कार के अचानक भीड़ भरे इस पुल पर आ जाने से एक सिपाही, एक साधु और एक महिला इसकी चपेट में आ गए। साधु और महिला उड़ीसा निवासी बताए गए हैं। इस दुर्घटना से रैलिंग के टूटने के कारण तीन लोग नदी में गिर गए जिनको जल पुलिस ने बचा लिया।
मेलाधिकारी आनन्द वर्धन और मेला डीआईजी आलोक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। मेलाधिकारी के अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शाही स्नान के जुलूस को कुछ देर रोक दिया गया। शाही स्नान सवा ग्यारह बजे से शुरू होना था लेकिन उसमें अब कुछ विलंब हो सकता है।
कुंभनगरी के विरला स्नान घाट पर भी दो साधुओं के गुटों मे झड़प होने से भगदड़ मचने का समाचार है लेकिन इस पर काबू पाने के दावे किए जा रहे हैं।
इस हादसे के बाद जूना अखाड़े ने शाही स्नान न करने की घोषणा की है । प्रशासन उन्हें स्नान के लिए मनाने का प्रयास कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications