आईपीएल विवाद पर प्रधानमंत्री व सोनिया से बात करूंगा : थरूर
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि आईपीएल कोचि फ्रेंचाइजी में उनकी कथित संलिप्तता को लेकर पैदा हुए विवाद पर वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बातचीत करेंगे।
थरूर ने एनडीटीवी के साथ एक बातचीत में कहा, "जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह स्वदेश वापस लौटेंगे तो निश्चित रूप से मैं इस सब बारे में उनसे बात करूंगा।"
थरूर ने कहा, "जो कुछ घटा है, उस बारे में मैं उनसे बातचीत करना चाहूंगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी हमारी पार्टी की नेता हैं और मैं उनके समक्ष भी अपनी बात रखूंगा।"
थरूर उस समय से विवादों में आ गए, जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) कमिश्नर ललित मोदी ने दावा किया कि थरूर की करीबी मित्र सुनंदा पुष्कर की उस कंपनी में हिस्सेदारी है, जो उस कंर्सोटियम का हिस्सा है, जिसके पास आईपीएल कोच्चि की फ्रेंचाइजी है।
मोदी ने यह भी आरोप लगाया है कि थरूर ने उनसे कहा था कि वह उस कंपनी के मालिकाना हक का खुलासा न करें, जिसने फ्रेंचाइजी हासिल की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications