बेनजीर हत्या मामले में जरदारी का नया रोड़ा
जहां न्यूयार्क में इस बात की घोषणा की गई कि जांच रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को गुरुवार को सौंप दी जाएगी, वहीं जरदारी के प्रवक्ता ने इस्लामाबाद में कहा कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई 25 अप्रैल के पहले जांच आयोग से मिलने को राजी हो गए हैं।
इसे जांच रिपोर्ट को पेश करने में और देरी करने के उपाय के रूप में देखा जा रहा है। पहले जांच रिपोर्ट 30 मार्च को पेश की जानी थी, लेकिन तारीख 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन ने संयुक्त राष्ट्र के एक विश्वसीय सूत्र के हवाले से कहा है कि जांच आयोग के प्रमुख, चिली के राजनयिक, हेराल्डो मुनोज ने संयुक्त राष्ट्र में और वाशिंगटन में पाकिस्तान के राजदूतों से मिलने को लेकर उदासीनता दिखाई है। "ये दोनों राजदूत रिपोर्ट में देरी के लिए व्यवधान पैदा करना चाहते हैं।"
सूत्रों ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार अपने स्तर से रिपोर्ट को विवादास्पद बनाने की पूरी कोशिश कर रही है।
इस्लामाबाद में संवाददाताओं के साथ बातचीत में राष्ट्रपति के प्रवक्ता फरहतुल्ला बाबर ने कहा कि करजई, जरदारी के आग्रह पर संयुक्त राष्ट्र आयोग से मिलने को राजी हो गए हैं।
बाबर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि हुसैन हरूर को विदेश मंत्रालय की ओर से सलाह दी गई है कि वह जांच आयोग के अध्यक्ष को करजई की रजामंदी के बारे में बता दें।
बाबर के अनुसार चूंकि करजई बेनजीर भुट्टो से मिलने वाले अंतिम नेता थे, लिहाजा उनका बयान महत्वपूर्ण है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications