पाकिस्तान में ब्रांड एम्बेसडर होंगे शोएब-सानिया
जनसंख्या कल्याण मंत्री फिरदौस आशिक अवाम ने भारत की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह घोषणा की। फिरदौस अपनी भारत यात्रा के दौरान शोएब-सानिया की शादी के रिसेप्शन में भी शामिल होंगी।
ऑनलाइन समाचार एजेंसी के मुताबिक फिरदौस ने उम्मीद जताई है कि यह जोड़ी भारत और पाकिस्तान में उच्च जन्म दर को नियंत्रित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एक प्रश्न का जवाब देते हुए फिरदौस ने कहा कि शोएब-सानिया के विवाह से इस उप-महाद्वीप में रुकी हुई शांति वार्ता को दोबारा शुरू करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शोएब-सानिया के पाकिस्तान पहुंचने पर एक ऐतिहासिक रिसेप्शन के साथ उनका स्वागत किया जाएगा।
अपनी भारत यात्रा के संबंध में बताते हुए फिरदौस ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद और खेल व युवा मामलों के केंद्रीय मंत्री एम. एस. गिल से मुलाकात करेंगी।
वह स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद के निमंत्रण पर भारत यात्रा कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।