दीमक ने खाई 24 किलोग्राम चरस
पणजी, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा सरकार के अभियोजन विभाग ने मुंबई उच्च न्यायालय की पणजी पीठ से कहा है कि सरकारी गोदाम से 24 किलोग्राम चरस दीमक ने खा डाली। अभियोजन पक्ष ने मादक पदार्थो के माफिया से संबंध रखने के आरोपी गोवा के कई पुलिसकर्मियों की जमानत का विरोध किया है।
इस सप्ताह की शुरुआत में राज्य अभियोजन पक्ष ने अदालत में यह बात कही।
गृह मंत्री रवि नाइक ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि छापे के दौरान बरामद किए गए और बाद में सरकारी गोदामों में भंडार किए गए मादक पदार्थो के सुरक्षित रख-रखाव के प्रति लापरवाही के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के प्रमुखों के खिलाफ जांच की जाएगी।
नाईक ने कहा, "यदि दीमक ने मादक पदार्थो को नुकसान पहुंचाया है तो इसके भी दस्तावेज होना चाहिए। इस तरह के मामलों में लापरवाही नहीं बरती जा सकती।" कुछ दिन पहले सरकारी वकीलों ने उच्च न्यायालय को बताया था कि पुलिस गोदाम में रखी 280 किलोग्राम चरस में से 24 किलोग्राम चरस सीलबंद नहीं थी और इस चरस को दीमक ने खा लिया।
नाइक ने कहा, "इस मामले में जिम्मेदारी तय की गई है। पिछले दशक के दौरान 'एंटी-नारकोटिक सेल' (एएनसी) के प्रमुख रहे सभी पुलिस प्रमुखों के खिलाफ जांच होगी।"
उन्होंने कहा कि उनका विभाग एक अलग जांच शुरू करेगा जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि एएनसी द्वारा सीलबंद नशीले पदार्थ पुलिस के जरिए नशीले पदार्थो के बाजार में कैसे पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications