बस्तर में खर्च होंगे 2,000 करोड़ रुपये : रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया, "सरकार नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए अगले तीन साल के दौरान 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। "
रमन सिंह ने कहा कि सरकार ने मुख्य सचिव पी.जॉय ओम्मेन की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है जो इसकी देखरेख करेगी। बस्तर क्षेत्र में सड़कों, पुलों, स्कूलों तथा अस्पतालों के निर्माण पर यह धनराशि खर्च की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में छह अप्रैल को नक्सलियों द्वारा किए गए अब तक के सबसे बड़े हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि बस्तर क्षेत्र 40,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इस क्षेत्र में पांच जिले नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा हैं।
नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के मसले को राजनीति से अलग रखकर इसे देश और लोकतंत्र से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
दंतेवाड़ा नरसंहार के बाद मानवाधिकार संगठनों की आलोचना करते हुए रमन सिंह ने कहा कि मानवाधिकार समूह कहते हैं कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान को रोका जाना चाहिए लेकिन अभी तक इन संगठनों ने नक्सलियों द्वारा किए गए नरसंहार की आलोचना में एक शब्द भी नहीं कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications