हेडली से पूछताछ का मौका मिलेगा : मनमोहन (लीड-1)
वाशिंगटन, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात के दो दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भरोसा व्यक्त किया कि मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से भारत पूछताछ कर सकेगा।
अमेरिका की पांच दिवसीय यात्रा के पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रपति ओबामा कानूनी स्थिति से अवगत हैं और हम हेडली से पूछताछ कर सकेंगे।"
मुंबई हमलों के प्रमुख आरोपी हेडली से पूछताछ के मसले पर मनमोहन और ओबामा की रविवार को हुई मुलाकात में गहन चर्चा हुई थी। इस दौरान ओबामा ने प्रधानमंत्री को भरोसा दिलाया था कि वह भारत के आग्रह पर पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने कहा था कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐसा संभव हो सकेगा।
उनकी इस मुलाकात के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने भी अमेरिका के सुरक्षा सलाहकार जेम्स जोंस से मुलाकात के दौरान हेडली से पूछताछ के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं की रूपरेखा के बारे में चर्चा की।
पाकिस्तानी मूल का अमेरिकी नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी हेडली मौत की सजा से बचने के लिए शिकागो की एक अदालत में मुंबई हमलों में शामिल होने का अपना दोष पहले ही स्वीकार कर चुका है।
पाकिस्तान के 10 आतंकवादी 26 नवंबर 2008 को समुद्र के रास्ते मुंबई में घुस आए थे और उन्होंने 166 लोगों की हत्या कर दी। इनमें से एक हमलावर अजमल आमिर कसाब को जीवित पकड़ा जा सका, शेष सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications