बीमार मां से मिल सकता है राजखोवा : गोगोई
गोगोई ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मुझे एक पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें कहा गया है कि राजखोवा को उसके परिवार व वृद्ध मां से बीहू त्योहार के दौरान मिलने दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इस पर कोई एतराज नहीं है लेकिन मैं इतना कहना चाहूंगा कि वह अभी पुलिस हिरासत में है। इसलिए यह अदालत पर निर्भर करता है कि वह उसे उसकी मां से मिलने की इजाजत देती है या नहीं।
गौरतलब है कि राजखोवा को पिछले वर्ष दिसंबर में गिरफ्तार किया गया था। अभी वह गुवाहाटी जेल में बंद है। उसकी बीमार मां दमयंती राजखोवा यहां से 380 किलोमीटर दूर असम के सिवसागर जिले के लाकवा गांव में रहती है।
राजखोवा की पत्नी व दो बच्चे भी दमयंती राजखोवा के साथ लाकवा गांव में ही रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को जेल में बंद लोगों को उनके परिवार से मिलने में कोई ऐतराज नहीं है। हम शांति चाहते हैं। बीहू त्योहार पर मैं परेश बरुआ (जो उल्फा कमांडर का चीफ है) को शुभकामना देना चाहता हूं।
वरिष्ठ वकील नकीब-अज-जमन का कहना है कि अपने परिजनों से मिलने के लिए या तो उल्फा नेता को अदालत से अपील करनी होगी या उनके परिवार वाले अपील कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications