बिहार में चक्रवात से 39 की मौत (लीड-2)
चक्रवात से राज्य में हजारों मकान तबाह हो गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रभावित जिलों के दौरे पर निकल गए हैं।
चक्रवात से पूर्णिया में अब तक 27 मौतों की सूचना है। अररिया में 10 लोगों के मरने की खबर है। किशनगंज जिले में चक्रवात से दो लोगों की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से प्रभावित जिलों के दौरे पर निकल गए हैं। इसके पूर्व सरकार ने सभी मृतकों के परिवारों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके तबाही का जायजा लेने एवं प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
नीतीश ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार से एक-एक लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। बेघर लोगों को इंदिरा आवास भी दिए जाएंगे।
पूर्णिया के जिलाधिकारी एम़ श्रवण कुमार ने बताया कि पूर्णिया के बराली प्रखंड में सबसे ज्यादा मौतें हुईं हैं। जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जाकर बर्बादी का आकलन करने का कहा गया है। सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने बताया कि सरकार द्वारा घोषित मुआवजे की राशि बुधवार से प्रभावित लोगों को मिलने लगी है। उन्होंने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया है।
अररिया के उप विकास आयुक्त एवं प्रभारी जिला पदाधिकारी उदय कुमार ने बुधवार को आईएएनएस को दूरभाष पर बताया कि इस चक्रवात से जिले में 10 लोगों की मौत की सूचना है। उन्होंने बताया कि चक्रवात से अररिया में जेल की एक दीवार भी ढह गई।
कुमार के अनुसार जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा यहां के कैदियों को पूर्णिया जेल भेजने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरी क्षति का आकलन करवाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*