बिहार में चक्रवात से 25 की मौत (लीड-1)
पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सीमवर्ती जिलों अररिया, पूर्णिया और किशनगंज में मंगलवार रात आए चक्रवात के कारण 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और हजारों मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सरकार ने मृतकों के परिवारों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना में पत्रकारों से कहा कि उन्हें अब तक जो सूचना मिली है उसके अनुसार चक्रवात से राज्य में 25 लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके तबाही का जायजा लेने एवं प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
नीतीश ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार से एक-एक लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। बेघर लोगों को इंदिरा आवास भी दिया जाएगा।
चक्रवात का सबसे ज्यादा प्रभाव अररिया जिले में देखने को मिला है। अररिया जिले के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात करीब 11़15 बजे तेज आंधी शुरू हुई जो 12़ 20 बजे तक चलती रही।
अररिया के उप विकास आयुक्त एवं प्रभारी जिला पदाधिकारी उदय कुमार ने बुधवार को आईएएनएस को दूरभाष पर बताया कि इस चक्रवात से जिले में कुल सात लोगों की मौत की सूचना है। उन्होंने बताया कि चक्रवात से अररिया में जेल की एक दीवार भी ढह गई।
कुमार के अनुसार जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा यहां के कैदियों को पूर्णिया जेल भेजने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरी क्षति का आकलन करवाया जा रहा है।
किशनगंज जिले में दो तथा पूर्णिया जिले में तीन लोगों की मौत की खबर है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या में और वृद्घि हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications