पश्चिम बंगाल में तूफान से 31 मरे, हजारों बेघर (लीड-2)
कोलकाता, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में बुधवार को आए भीषण तूफान में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 50,000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि तूफानी हवाएं मंगलवार को रात 10.30 बजे 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आईं। इस तूफान से जिले के चार विकास खंडों में भारी तबाही हुई।
राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी ने बताया कि स्थिति 'बहुत भयावह' है। करनदिघित, ईटाहार और रायगंज सहित चार विकास खंडों के दर्जनों गांव का सपंर्क पूरी तरह कट चुका है। यहां टेलीफोन सेवाएं और सड़क संचार सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ गई हैं।
करनदिघित विकास खंड में 18 लोगों की मौत हुई है। मंत्री ने कहा, "तूफान इतना तेज था कि पेड़ उखड़ गए। मुझे अब तक 31 लोगों की मौत की सूचना मिली है।"
मंत्री ने कहा, "सिफ कच्चे ही नहीं बल्कि पक्के मकान भी इस तूफान के प्रभाव से नहीं बच सके हैं। बिजली की आपूर्ति ठप है। टेलीफोन और मोबाइल काम नहीं कर रहे हैं। हम पुलिस वायरलेस के जरिए जिले के अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश में हैं।"
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तरी बंगाल) कुंदन लाल टमटा ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस की सात छावनिया ढह गई हैं लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
टमटा ने कहा, "बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं लेकिन अभी हम आंकड़ों की पुष्टि नहीं कर सकते। बहुत लोगों के गिरे हुए पेड़ों और ढहे मकानों के नीचे दबे होने की आशंका है।"
इस तूफान के मद्देनजर राज्य सरकार ने अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications