कोलकाता में भीड़ ने अस्पताल पर धावा बोला
यह हादसा मंगलवार सुबह 24 परगना जिले के पतूली में हुआ था। तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए थे।
घायलों को कोलकाता के पीअरलेस अस्पताल में ले जाया गया जहां बाद में हिंसा भड़क उठी। अस्पताल के अधीक्षक सुदीप्तो मित्रा ने आईएएनएस को बताया, "भीड़ ने आपातकालीन सेवा, ऑपरेशन, प्रयोगशाला और औषधि विभाग पर हमला कर दिया। अस्पताल में लगभग 200 मरीज हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझ पा रहा था कि भीड़ के साथ क्या किया जाए। भीड़ ने सुबह सात बजे धावा बोला और तोड़फोड़ ढाई घंटे तक चलती रही। भीड़ में लगभग 700 से 800 लोग शामिल थे।"
मित्रा ने कहा कि चारों घायलों का उपचार आपात सेवा विभाग में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार के बगैर हम पीड़ितों को नहीं छोड़ सकते।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुस्साई भीड़ ने अस्पताल के प्रवेश द्वार को आग लगा दी और बाहर पुलिस की एक जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ को तितर-वितर करने के लिए पुलिस ने गोलीबारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications