व्यावसायिक मकसद से सोमालिया जाती है भारतीय नौकाएं : नौसेना
नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा, "लूटपाट के खतरों को देखते हुए ज्यादातर व्यापारिक पोत अब अदन की खाड़ी के रास्ते गुजरते हैं। वहां बड़ी संख्या में युद्धक पोत तैनात हैं। अब गिनी-चुनी नौकाएं ही अफ्रीका या सोमालिया के पूर्वी तट से होकर गुजरती हैं।"
प्रवक्ता ने कहा, "कई सारी भारतीय नौकाएं भारत और अफ्रीका व सोमालिया के पूर्वी तट पर स्थित बंदगाहों के बीच नियमित रूप से व्यापार में लगी हुई हैं। इन नौकाओं के मालिक सोमालिया तट के करीब से गुजरने के खतरों के बारे में पूरी तरह अवगत हैं, लेकिन संभवत: व्यावसायिक कारणों से वे इसे जारी रखे हुए हैं।"
नौसेना के अधिकारियों के अनुसार आंशिक रूप से निर्मित नौकाएं खाड़ी देशों को इसलिए जाती हैं, क्योंकि वहां उनमें इंजन लगाया जाता है।
अधिकारी ने कहा, "इन नौकाओं में इंजन लगाने वाले लोग उसके बदले कुछ भी पैसा नहीं लेते। लेकिन वे नौका मालिक से व्यापार के लिए कहते हैं। नौका मालिकों से व्यापार के लिए सोमालिया जाने को कहा जाता है। जब ये नौकाएं वापसी यात्रा शुरू करती हैं तो लुटेरे उन्हें अगवा कर लेते हैं।"
अधिकारी ने कहा, "सामान्य तौर पर लुटेरे नौका मालिकों से फिरौती नहीं चाहते। चूंकि ये नौकाएं आकर्षक होती हैं, लिहाजा वे इनका इस्तेमाल अन्य व्यापारिक पोतों पर हमले के लिए इस्तेमाल करते हैं। वे अगवा की गई नौकाओं को अपने कब्जे में रखते हैं, जब तक उनमें ईंधन और रसद सामग्री मौजूद रहती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications